महाराष्ट्र में कई जगहों पर बकरीद से पहले विवाद की स्थिति बन गई थी. अब ताजा मामला मुंबई के गोरेगांव इलाके से आया है. गोरेगांव पूर्व में गोकुलधाम के सैटेलाइट गार्डन फेज-1 में स्थित आजाद नगर डी-3 इमारत के कंपाउंड में शेड बनाया गया है. यहां कुर्बानी के लिए बकरे भी लाए गए हैं. BMC ने बकरे बांधने और सोसाइटी में कुर्बानी देने की दी हुई इजाजत बकरीद से एक रात पहले अचानक रद्द कर दी.
बीजेपी की स्थानीय नगरसेविका प्रीति साटम ने वार्ड ऑफिसर को पत्र लिखकर विरोध जताया है. नगरसेविका प्रीति साटम ने पत्र में नियमों का जिक्र करते हुए लिखा है कि इस सोयायटी के बगल में ही स्कूल और हिन्दू धार्मिक स्थल है. इसलिए सोसाइटी के अंदर कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. इससे हिंदुओं की धार्मिक भावना आहत हो सकती है, जिसके चलते कानून व्यवस्था का प्रश्न भी उपस्थित हो सकता है. सोसाइटी में अभी भी बकरे रखे गए हैं.
‘BJP का प्रेशर, मुसलमानों के साथ गलत हो रहा’
मुस्लिम समाज का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रेशर के चलते BMC ने एक रात पहले ही सोसाइटी में कुर्बानी की परमिशन रद्द कर दी है. BJP नगरसेविका को सबको साथ लेकर चलना चाहिए था. पिछले दो साल से हमारे साथ ऐसा हो रहा है. ये अन्याय है.
वहीं, मुस्लिम समुदाय से आने वाले एक शख्स काफी नाराज दिखे. उन्होंने सवाल किया कि संविधान में क्या यह बात लिखी है कि मुसलमान अपना त्योहार नहीं मना सकता? बाकी सब तो अपने त्योहार मनाते हैं. अगर हम भी मना लें तो क्या दिक्कत है? लोगों को क्या तकलीफ हो रही है? क्या हम आपके घर में यह देखने आते हैं कि आप क्या पका रहे हैं क्या खा रहे हैं? या आप हमारे घर देखने आते हैं? जब कोई भूखा मरता है तो कोई पूछने नहीं आता कि तुम भूखे क्यों मर गए. कोई नगरसेवक, आम आदमी या बड़ा नेता तक पूछने नहीं आता है. अगर आपको सच में मदद करनी है तो उन हजारों लोगों की करिए जो सड़क पर भूखे मर जाते हैं.
119 जगहों पर कुर्बानी की परमिशन
उप महापौर संजय घड़ी ने बताया कि BMC ने बकरीद की कुर्बानी के लिए 119 स्थानों पर अनुमति दी है. गोरेगांव और घाटकोपर, दो जगहें ऐसी हैं जहां पर बकरो को हाउसिंग सोसाइटी परिसर में लाकर कुर्बानी देने का कार्यक्रम था, लेकिन स्थानीय लोगों के आपत्ति जताने के बाद यहां पर इजाजत रद्द कर दी गई.










