सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएसआर मद के अंतर्गत संचालित किए जाने वाले सभी विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सूचना समय से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना तथा आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए कंपनियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी कंपनियां अपने प्रस्तावित एवं संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग तथा जिला सूचना कार्यालय को भी उपलब्ध कराएं, जिससे कार्यों की निगरानी एवं समन्वय प्रभावी ढंग से किया जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सीएसआर के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों, शिक्षा संबंधी कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों, कौशल विकास प्रशिक्षणों तथा अन्य जनहितकारी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कई बार लाभार्थियों को जानकारी के अभाव में योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता है, इसलिए जनसंचार के माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सीएसआर गतिविधियों को बाधित करना नहीं, बल्कि उन्हें अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोपयोगी बनाना है। कंपनियां यदि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगी तो विकास कार्यों का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना पूर्व सूचना एवं आवश्यक अनुमति के संचालित किए जाने वाले कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान नहीं की जाएगी। सभी कंपनियों को शासन की निर्धारित गाइडलाइन एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी श्री अजय कुमार मिश्रा, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()












