सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी मानसून को देखते हुए नगर क्षेत्रों में जलभराव, स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपलब्ध बजट के सापेक्ष कराए जा रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले नगर क्षेत्रों के सभी प्रमुख एवं सहायक नालों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए नालों की सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत क्षेत्रों में आगामी एक सप्ताह तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, गलियों तथा नालों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और इसकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छता एवं नाला सफाई कार्यों की नियमित समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएगी।

बैठक में 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा गुणवत्ता के उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण कराई जाएं, ताकि आमजन को विकास योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही जनपद के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, जिससे धार्मिक स्थलों की गरिमा, स्वच्छता और आकर्षण में वृद्धि हो तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र में एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शीघ्र उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री रोहित यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












