अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कंपनी की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में विविध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में एनसीएल मुख्यालय सहित निगाही, कृष्णशिला, अमलोरी परियोजना तथा नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में पर्यावरण जागरूकता रैलियां, ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता, पर्यावरण जी.ए. ओलम्पियाड, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
‘आरोहण’ समर कैंप के बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

एनसीएल के प्रतिष्ठित ‘आरोहण’ समर कैंप-2026 में प्रतिभाग कर रहे लगभग 1180 बच्चों ने पर्यावरण जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बच्चों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर रैली निकाली और लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चों ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन”, “हरित पृथ्वी, सुरक्षित भविष्य” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर आकर्षित किया। साथ ही उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को छोड़ने, जल एवं ऊर्जा की बचत करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया।
‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मक सोच
पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों की रचनात्मक क्षमता को नया मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेकार एवं अनुपयोगी वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक और उपयोगी मॉडल तैयार किए।
प्रतियोगिता में प्रदर्शित मॉडलों में एयर प्यूरीफायर, हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी मॉडल, वाटर प्यूरीफायर, घरेलू सजावटी वस्तुएं तथा अन्य उपयोगी मॉडल शामिल रहे। प्रतिभागियों ने यह संदेश दिया कि अपशिष्ट सामग्री का पुनः उपयोग कर न केवल पर्यावरण संरक्षण किया जा सकता है, बल्कि नवाचार और रचनात्मकता को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर एनसीएल की प्रतिबद्धता
एनसीएल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। कंपनी लगातार हरित पहल, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और सतत विकास से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।
गौरतलब है कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है। इस वर्ष इसका विषय “प्रकृति से प्रेरित: जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” निर्धारित किया गया है, जो प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश देता है।
![]()












