जम्मू में ट्रैफिक नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया गया है. जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे 26 हजार से अधिक वाहनों की पहचान की है, जिन पर 5 या उससे ज्यादा बार ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज हैं. इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की ओर से सस्पेंड कर दिया गया है.
इन दिनों जम्मू शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात हैं. पुलिसकर्मी ऐसे वाहनों की पहचान कर रहे हैं जिनकी RC सस्पेंड हो चुकी है.
जैसे ही कोई ऐसा वाहन नजर आता है, उसे तुरंत जब्त कर ट्रांसपोर्ट यार्ड भेजा जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अमरनाथ यात्रा और सुरक्षा को देखते हुए उठाया कदम
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने तक सीमित नहीं है. आगामी अमरनाथ यात्रा और प्रदेश में चल रहे सुरक्षा अभियानों को देखते हुए भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान के जरिए ऐसे वाहनों की भी पहचान हो रही है जिनका इस्तेमाल असामाजिक गतिविधियों में किया जा सकता है.
अभियान के दौरान कई ऐसे वाहनों की भी पहचान हुई है जो चोरी के बताए जा रहे हैं या जिनकी नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ की गई है. पुलिस का कहना है कि लंबे समय से नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन संदिग्ध गतिविधियों में भी शामिल पाए गए हैं. ऐसे मामलों की अलग से जांच की जा रही है.
PoJK हिंसा पर मीरवाइज उमर फारूक की बड़ी अपील, ‘केवल बल का प्रयोग न करें, जनता की भी सुनें’
डीवाईएसपी ट्रैफिक डॉ. सुनया वाणी ने बताया कि यह विशेष अभियान उन वाहनों के खिलाफ चलाया जा रहा है जिनकी RC ट्रांसपोर्ट कमिश्नर द्वारा सस्पेंड की गई है. उन्होंने कहा कि इनमें बड़ी संख्या ऐसे वाहनों की है जिनके मालिकों ने पांच या उससे ज्यादा बार किए गए चालानों का भुगतान नहीं किया.
पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर चालान जमा करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि किसी तरह की कार्रवाई से बचा जा सके.

















