सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री तथा जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा 13 एवं 14 जून 2026 को दो दिवसीय दौरे पर सोनभद्र आएंगे। अपने प्रवास के दौरान वह जनचौपाल, स्वास्थ्य मेला, स्वच्छता अभियान, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियानों में भाग लेकर आमजन से संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 जून को प्रभारी मंत्री वाराणसी से प्रस्थान कर ग्राम पंचायत बहुअरा स्थित अमृत सरोवर तालाब के निकट रामलीला मंच मैदान में आयोजित जनचौपाल में शामिल होंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। कार्यक्रम के बाद वे सर्किट हाउस लोढ़ी में रात्रि विश्राम करेंगे।
14 जून को प्रभारी मंत्री सहिजन खुर्द स्थित चांडी माता मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देंगे। इसके बाद वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा सर्किट हाउस लोढ़ी में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे।
दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री राबर्ट्सगंज ब्लॉक परिसर सभागार में आयोजित जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा चतरा ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक विषयों पर संवाद स्थापित करेंगे।
सायंकाल वे नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज क्षेत्र में आयोजित विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
![]()












