सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) एवं राज्य योजना ग्रामीण के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पटवध-बसुहारी मार्ग पर घाघर नदी के ऊपर निर्माणाधीन सेतु एवं पहुंच मार्ग की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का माध्यम बनेगी।
बैठक में ग्राम मारकुण्डी-घुरमा मार्ग पर घाघर नदी स्थित पुराने एवं जर्जर पुल के स्थान पर बनाए जा रहे 8-सेल बॉक्स कल्वर्ट और सुरक्षात्मक कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वर्षाकाल को देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलवारी-राबर्ट्सगंज राज्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर सड़क अवसंरचना से यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर परियोजनाओं की निगरानी करने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()












