लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने शुक्रवार को काशी स्टेशन एवं काशी–व्यासनगर रेलखंड का निरीक्षण कर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने काशी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने काशी एवं व्यासनगर के मध्य स्थित विभिन्न अंडरपासों की स्थिति, सुरक्षा उपायों तथा स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उन्होंने काशी स्टेशन पर निर्माणाधीन एयर कॉनकोर्स परियोजना एवं नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) व्यवस्था की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि एयर कॉनकोर्स के फाउंडेशन निर्माण कार्य के लिए स्टेशन की लाइन संख्या 3 एवं 4 पर 6 जून 2026 से 13 सितंबर 2026 तक 100 दिनों का यातायात ब्लॉक प्रदान किया गया है। डीआरएम ने निर्माण कार्यों को सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर रेलवे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। काशी स्टेशन पर चल रही विकास परियोजनाएं भविष्य में यात्रियों को अधिक सुविधा एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी।
इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री बृजेश कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव, गति शक्ति परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी तथा मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()


















