सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के आदर्शों को याद करते हुए ईमानदार करदाताओं के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में व्यापारी बंधुओं ने सहभागिता की।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि दानवीर भामाशाह ने अपना सर्वस्व महाराणा प्रताप और राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर इतिहास में अमिट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि भामाशाह का जीवन सेवा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित का प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित करदाताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारी राष्ट्र और जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। करदाताओं के योगदान से ही आधारभूत विकास कार्यों को गति मिलती है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने उपस्थित लोगों से भामाशाह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने भामाशाह के जीवन, व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय इतिहास का महान दानवीर बताया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने पारंपरिक करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। अंत में सभी सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार, उपायुक्त राज्य कर (प्रशासन) रितेश मिश्र, उपायुक्त राज्य कर योगेश द्विवेदी, उपायुक्त राज्य कर विकास कृष्ण बंसरा, मो. जुनैद सहित राज्य कर विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।
![]()










