अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के झारखंड एवं छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे दुद्धी तहसील के छतरपुर गांव में भूमि विवाद के बीच कथित रूप से बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़ित पक्ष के अनुसार पर्यावरणविद एवं चिपको आंदोलन से जुड़े राम नारायण विश्वकर्मा उर्फ देश प्रेमी ने वर्षों की मेहनत से अपनी भूमि पर बड़ी संख्या में वृक्षों का संरक्षण एवं संवर्धन किया था। उनका आरोप है कि उनके चचेरे भाई दीनदयाल पुत्र मुखलाल द्वारा कथित रूप से बाहरी लोगों की मदद से भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से सैकड़ों पेड़ों की कटाई भी कराई जा रही है।
पीड़ित का यह भी दावा है कि संबंधित भूमि विवाद अवर आयुक्त न्यायालय, विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर में विचाराधीन है। इसके बावजूद कथित रूप से भूमि पर कब्जे और वृक्षों की कटाई का कार्य जारी है, जिससे पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका जताई गई है।

मामले को गंभीर बताते हुए आम आदमी पार्टी के सोनभद्र जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कथित पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने, भूमि की यथास्थिति बनाए रखने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष रमेश गौतम, जिला महासचिव अनवर अली, शंकर निषाद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक तथ्यों और जिम्मेदार पक्ष की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()












