अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा सोमवार को मुख्यालय में परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संविदा सफाई कर्मियों के सम्मान में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के समर्पण, परिश्रम और स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सफाई कर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली में भाग लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर उनके उत्कृष्ट योगदान के सम्मान स्वरूप सभी सफाई कर्मियों को स्मृति-उपहार भेंट किए गए।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। निगाही परियोजना में डीपीएस विद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

इसी क्रम में बीना स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ परिसर बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं निगाही परियोजना द्वारा लगभग 300 फलदार पौधों का वितरण कर हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
दूधीचुआ क्षेत्र में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हाइजीन किट वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि एनसीएल में 16 जून से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता, जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
![]()
















