लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं आधुनिक फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में अत्याधुनिक ओपन जिम की स्थापना की है। इस सुविधा के शुरू होने से खिलाड़ियों, एथलीटों, रेल कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों को खुले वातावरण में आधुनिक उपकरणों के साथ निःशुल्क व्यायाम करने का अवसर मिलेगा।
नवनिर्मित ओपन जिम में पुल-अप स्टेशन, एयर वॉकर, पैरेलल बार, ट्विस्टर थ्री वे, रोवर, एबीबी ट्रेनर, साइकिल, ताई ची स्पिनर, चेस्ट प्रेस सहित कई आधुनिक फिटनेस उपकरण स्थापित किए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से खिलाड़ी सुबह एवं शाम अपनी सुविधा के अनुसार नियमित अभ्यास कर सकेंगे। इससे उनकी शारीरिक क्षमता, स्ट्रेंथ, स्टैमिना तथा समग्र फिटनेस में उल्लेखनीय सुधार होगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेलवे केवल यात्री सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों, उनके परिवारों और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित यह ओपन जिम खिलाड़ियों की फिटनेस संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा संचालित ऐशबाग रेलवे स्टेडियम पहले से ही क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र रहा है। आधुनिक ओपन जिम की स्थापना से स्टेडियम के खेल अधोसंरचना को और मजबूती मिलेगी तथा खिलाड़ियों को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण के लिए उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
रेल प्रशासन का मानना है कि खुले वातावरण में व्यायाम करने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इसी उद्देश्य के साथ स्थापित यह ओपन जिम खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा रेल परिवार एवं खिलाड़ियों के स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()












