सोनभद्र/एबीएन न्यूज। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची को अधिक पारदर्शी एवं जनसहभागी बनाने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र की सभी ग्राम पंचायतों में जन चौपाल आयोजित कर सूची का सार्वजनिक वाचन कराया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करने के साथ-साथ ग्रामीणों को सूची पर अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराने का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में आयोजित जन चौपाल के दौरान पात्रता सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई जा रही है। साथ ही सूची का सार्वजनिक प्रदर्शन भी किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक नागरिक उसका अवलोकन कर सके और यदि किसी नाम के संबंध में तथ्यात्मक आपत्ति या त्रुटि हो तो उसे नियमानुसार दर्ज करा सके।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जन चौपाल के दौरान प्राप्त सभी आपत्तियों एवं शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। जांच के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए केवल वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्रता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जन चौपाल की संपूर्ण प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ केवल उन परिवारों तक पहुंचे जो वास्तव में इसके पात्र हैं। इसके लिए प्रत्येक आपत्ति का निष्पक्ष परीक्षण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जन चौपाल में सक्रिय रूप से भाग लें और यदि पात्रता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, अपात्र व्यक्ति का नाम या किसी पात्र परिवार का नाम छूटने जैसी स्थिति दिखाई दे तो निर्धारित समयावधि के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज कराएं। इससे योजना का लाभ सही एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में प्रशासन को सहयोग मिलेगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अपनाई गई यह व्यवस्था पारदर्शी प्रशासन, जनसहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता और जनता का विश्वास दोनों मजबूत होंगे।
![]()












