सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में राजस्व संबंधी लंबित मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विशेष पैमाइश अभियान चलाया जाएगा। राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में संचालित इस अभियान के तहत धारा-24 के लंबित वादों की भूमि पैमाइश आधुनिक जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक के माध्यम से कराई जाएगी, जिससे नाप-जोख की प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध बन सके।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक तहसील में गठित रोवर पैमाइश टीम प्रतिदिन पांच-पांच गांवों में पहुंचकर लंबित वादों से संबंधित भूमि की पैमाइश करेगी और मामलों के शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। अभियान के दौरान नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की संयुक्त टीम मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया संपन्न कराएगी।
अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पैमाइश कार्य की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति गूगल शीट पर अपडेट की जाएगी, ताकि अभियान की नियमित निगरानी की जा सके। प्रशासन द्वारा जीएनएसएस रोवर तकनीक के लाभों के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन इस आधुनिक तकनीक की उपयोगिता से परिचित हो सकें।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद सोनभद्र में वर्तमान समय में धारा-24 के कुल 253 वाद लंबित हैं। इन सभी मामलों का अभियान अवधि के दौरान प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजस्व परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पैमाइश निष्पक्ष, सटीक एवं पारदर्शी ढंग से की जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से राजस्व विवादों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा आम नागरिकों को समय पर न्याय मिलने में सुविधा होगी।
![]()











