सिंगरौली/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अग्रणी अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंत में मुख्यालय के पांच कर्मियों सहित कुल 66 कर्मचारियों के अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कंपनी प्रबंधन एवं सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों की निष्ठापूर्ण एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
एनसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) श्री शशि शेखर प्रसाद सिंह, वरीय प्रबंधक (सचिवीय-राजभाषा) श्री हुकुम सिंह अहरवार, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन), सतर्कता विभाग के श्री नागेंद्र प्रसाद, पम्प ऑपरेटर, सिविल (टी.ए.) श्री जी. मलेशू तथा केंद्रीय चिकित्सालय की सामान्य सहायक श्रीमती कमला शामिल रहीं। समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके सहकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने एनसीएल में बिताए वर्षों को अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताते हुए कंपनी और कोल इंडिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनसीएल में कार्य करने का अनुभव उनके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा तथा वे भविष्य में भी संस्था की प्रगति एवं सफलता की कामना करते रहेंगे।
निदेशक (कार्मिक) श्री मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति प्रत्येक कर्मचारी के सेवाकाल का स्वाभाविक पड़ाव है, लेकिन संस्था के विकास में उनके योगदान की स्मृतियां सदैव जीवंत रहती हैं। उन्होंने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपनी कर्मनिष्ठा, समर्पण और मेहनत से एनसीएल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एनसीएल का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए कहा कि एनसीएल परिवार भविष्य में भी हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए जीवन के नए लक्ष्यों को उत्साहपूर्वक अपनाने का संदेश दिया।
निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि अनुभवी कर्मियों की सेवानिवृत्ति संस्था के लिए भावुक क्षण होती है। उन्होंने कहा कि एनसीएल आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें इन कर्मचारियों के वर्षों के समर्पण और परिश्रम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्त कर्मी भविष्य में भी अपने अनुभवों और सकारात्मक सोच के माध्यम से एनसीएल के सच्चे प्रहरी एवं शुभचिंतक बने रहेंगे।
मुख्यालय के अलावा एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
![]()












