दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी कस्बे में मंगलवार को प्रशासन ने सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी निखिल यादव के निर्देशन में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे एवं नालियों के ऊपर रखे गए सामान को हटवाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की गई।
प्रशासन द्वारा अभियान शुरू करने से पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को सूचना देकर स्वयं अपने कब्जे हटाने के लिए आगाह किया गया था। इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़क किनारे दुकानों के बाहर रखा सामान प्रशासन की मौजूदगी में हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से कचहरी रोड पर सड़क की पटरी एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जिससे यातायात और आवागमन सुचारु हो सके।
अभियान के दौरान सड़क किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का विवरण दर्ज कर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने बताया कि अभियान से एक दिन पूर्व ही पटरी दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को सूचना देकर सार्वजनिक मार्ग एवं नालियों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जिन लोगों ने कब्जा नहीं हटाया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सीमा के भीतर सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन और नगर पंचायत समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से सड़क और नालियों पर कब्जा हो जाता है। लोगों का मानना है कि यदि नियमित निगरानी और सतत कार्रवाई की जाए तो अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी रूप से नियंत्रण पाया जा सकता है।
![]()











