लखनऊ/एबीएन न्यूज। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन ने गोरखपुर और लखनऊ के बीच एक जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 तक दोनों दिशाओं में संचालित की जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 05031 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन गोरखपुर से शाम 6:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज एवं बाराबंकी स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव के बाद अगले दिन रात्रि 12:04 बजे बादशाहनगर पहुंचेगी तथा रात्रि 12:35 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 05032 लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन लखनऊ जंक्शन से रात 1:30 बजे रवाना होगी। यह बादशाहनगर, बाराबंकी, करनैलगंज, गोंडा, मनकापुर, बभनान, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए सुबह 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी के 10 अनारक्षित कोच तथा दो एसएलआर (गार्ड सह लगेज) कोच शामिल होंगे। विशेष ट्रेन के संचालन से परीक्षा अवधि के दौरान नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा और अभ्यर्थियों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने परीक्षार्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है।
![]()










