लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे परिसर में वाणिज्यिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के वाणिज्य विभाग ने बुधवार को सीतापुर रेलवे स्टेशन पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर एवं खानपान स्टॉलों की गहन जांच की गई, जिसमें 1708 पानी की बोतलें एवं मैंगो ड्रिंक जब्त किए गए, जबकि अवैध वेंडिंग करते पाए गए तीन व्यक्तियों पर कुल छह हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अरिजीत सिंह के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री ओंकारनाथ वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। निरीक्षण टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों तथा खानपान स्टॉलों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्टॉलों पर पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित लाइसेंसधारकों एवं संचालकों को दिए गए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि स्टॉलों पर केवल रेलवे द्वारा अनुमोदित खाद्य एवं पेय पदार्थों का ही विक्रय किया जाए। सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अनधिकृत या गैर-अनुमोदित वस्तुओं की बिक्री न करें तथा रेलवे के वाणिज्यिक नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान निरीक्षण टीम ने स्टेशन परिसर एवं विभिन्न प्लेटफार्मों पर लावारिस अवस्था में पड़ी कुल 1708 पानी की बोतलें एवं मैंगो ड्रिंक जब्त किए। जब्त सामग्री को नियमानुसार एलपीओ (लॉस्ट प्रॉपर्टी ऑफिस) में जमा कराया गया तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा प्लेटफार्म पर तीन व्यक्तियों को अवैध रूप से वेंडिंग करते हुए पकड़ा गया। रेलवे अधिनियम के तहत उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 6,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसे मौके पर ही वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मूल्य सूची का प्रदर्शन, वस्तुओं की उपलब्धता तथा यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की भी विस्तार से जांच की गई। स्टॉल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखें तथा यात्रियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित दरों पर खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराएं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे परिसरों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सघन निरीक्षण अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध वेंडिंग, नियमों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताओं के मामलों में रेलवे प्रशासन की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()












