लखनऊ/एबीएन न्यूज। महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर एक साथ स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। अभियान के तहत लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद एवं ऐशबाग रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, रेल उपभोक्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
आईएनएचएम विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें जन-जागरूकता संदेशों, उद्घोषणाओं एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन परिसर में कूड़ा इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें।
अभियान के दौरान लोगों को नीली एवं हरी डस्टबिन के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि कागज, प्लास्टिक, बोतलें, पैकेट एवं अन्य सूखा कचरा नीली डस्टबिन में तथा भोजन के अवशेष, फल एवं सब्जियों के छिलके जैसे गीले कचरे को हरी डस्टबिन में डालना चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि कचरे का पृथक्करण स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। अभियान के दौरान बताया गया कि प्लास्टिक की थैलियां, डिस्पोजेबल कप, प्लेट, स्ट्रॉ, चम्मच, पैकेट तथा अन्य एकल-उपयोग प्लास्टिक सामग्री भूमि, जल एवं वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण बनती हैं और पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। लोगों को इसके स्थान पर कपड़े अथवा जूट के थैलों सहित पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता अभियान में रेल कर्मचारियों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान न केवल यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं, बल्कि ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के उद्देश्यों को भी मजबूती प्रदान करते हैं। रेल प्रशासन भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि रेलवे स्टेशन स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बने रहें।
![]()












