सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने गुरुवार को मीतापुर गांव पहुंचकर सोन नदी में डूबने से मृत तीन बच्चों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि मृतक दीपक (10 वर्ष), बोलबम (16 वर्ष) और संदीप (20 वर्ष) के परिजनों के बैंक खातों में ₹4-4 लाख की अहेतुक सहायता राशि भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि शासन से अनुमन्य अन्य सभी सहायता भी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
![]()












