सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ओडीओपी (एक जनपद एक उत्पाद) योजना के तहत 10 चयनित लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों को टूलकिट उपलब्ध कराई गई है, उनके द्वारा उसका वास्तविक उपयोग सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने एक माह के भीतर लाभार्थियों के यहां जाकर सत्यापन कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उन्हें टूलकिट के प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओडीओपी योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। कार्यक्रम के अंत में सदर विधायक भूपेश चौबे ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
![]()












