दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी क्षेत्र के नवागत पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) विनय प्रभाकर साहनी ने बुधवार को क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रतापगढ़ से स्थानांतरित होकर सोनभद्र पहुंचे वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी ने पदभार संभालते ही अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि पीड़ितों और फरियादियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना तथा क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, तस्करी, भू-माफियाओं और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अपराधी को कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का वातावरण मजबूत किया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें। कोतवाली और थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उसकी निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मूल रूप से बस्ती जनपद के निवासी एवं बी.टेक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले पीपीएस अधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि पुलिसिंग को अधिक जनोन्मुखी और संवेदनशील बनाया जाएगा। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
नवागत क्षेत्राधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने पर क्षेत्र के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों तथा संभ्रांत नागरिकों ने उनका स्वागत करते हुए बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद जताई।
![]()











