Last Updated:
कॉमेडी क्वीन भारती सिंह का जन्म 3 जुलाई 1984 को अमृतसर में हुआ था. उन्होंने ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से करियर शुरू किया. भारती ने हर्ष लिंबाचिया से शादी की है और उनके दो बेटे हैं.
इंडस्ट्री की सबसे मशहूर और सफल हास्य कलाकारों में से एक, जिन्हें ‘कॉमेडी क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है, भारती सिंह एक लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन, अभिनेत्री और टेलीविजन होस्ट हैं. भारती का जन्म 3 जुलाई 1984 को अमृतसर के एक बेहद साधारण पंजाबी परिवार में हुआ था. भारती के दो बड़े भाई-बहन हैं. हालांकि, उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब मात्र 2 वर्ष की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया. भारती ने पंजाब से ही ग्रेजुएशन पूरी की है.
करियर की शुरुआत
भारती ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में स्टार वन के ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ शो से बतौर एक प्रतियोगी के रूप में की, जहां उनकी हास्य प्रतिभा को काफी सराहा गया और वह दूसरी रनर-अप रहीं.
भारती सिंह के शोज
इसके बाद भारती ने एक के बाद एक कई कॉमेडी और रिएलिटी शो के साथ टीवी प्रोग्राम में अपनी होस्टिंग और कॉमेडी के हुनर का जलवा बिखेरा और लोगों के बीच पहचान बनाई, जिनमें ‘द कपिल शर्मा शो’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘लाफ्टर शेफ्स’, ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘खतरा खतरा खतरा’, ‘बिट्टू बक-बक’, ‘झलक दिखला जा’, ‘हुनरबाज’, ‘खतरों के खिलाड़ी’ आदि शामिल हैं.
कैसे हासिल किया फेम
भारती सिंह के ‘बिट्टू’, ‘लल्ली’ जैसे किरदार आज भी लोगों के जहन में जिंदा हैं, जिनके जरिए उन्होंने घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई. 30 जून को भारती के एक काफी लोकप्रिय टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स-अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ के सीजन 3 का सफर समाप्त हुआ है, जिसका प्रसारण कलर्स टीवी पर किया जा रहा था. इस शो की होस्ट भारती सिंह थीं और इसे मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी जज करते थे, जिसमें टीवी और सोशल मीडिया के मशहूर कलाकार हंसी-मजाक के बीच स्वादिष्ट व्यंजन बनाने की चुनौती स्वीकार करते थे.
भारती सिंह की फैमिली
भारती सिंह ने 3 दिसंबर 2017 को अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड और प्रसिद्ध टीवी लेखक व होस्ट हर्ष लिंबाचिया से शादी की और उनके दो बेटे हैं, जिनका नाम लक्ष्य लिंबाचिया (गोला) और यशवीर लिंबाचिया (काजू) हैं. वह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहीं वर्षा का डिजिटल मीडिया में 8 सालों का अनुभव है। एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू, इंटरव्यू और विश्लेषण इनकी विशेषज्ञता है। वर्षा ने जामिया मिल्…और पढ़ें
![]()










