लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान शुरू किया है। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर के निर्देश तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में पर्यावरण एवं स्वास्थ्य प्रबंधन (ईएनएचएम) विभाग द्वारा लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद और ऐशबाग रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता रैली निकालकर यात्रियों, स्थानीय नागरिकों तथा रेलवे परिसर में कार्यरत लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। रैली में स्वच्छता संबंधी नारे, जन-जागरूकता संदेश तथा उद्घोषणाओं के माध्यम से लोगों को रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्मों पर सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि एकल-उपयोग (सिंगल यूज़) प्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों से अपील की गई कि वे बार-बार नई प्लास्टिक बोतल खरीदने के बजाय रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध वॉटर रिफिल पॉइंट्स का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी पानी की बोतलों को पुनः भरकर इस्तेमाल करें। इससे प्लास्टिक बोतलों की खपत में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसरों में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लगातार यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही खान-पान स्टॉल संचालकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

रेल अधिकारियों ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक बनाना है। इसी सोच के तहत स्वच्छ स्टेशन, हरित परिसर और प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर की दिशा में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यात्रियों और आम नागरिकों के सहयोग से रेलवे स्टेशन अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनेंगे। यह अभियान केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन और मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
![]()











