कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर के समीपवर्ती गणेशपुर गांव में एसार पेट्रोल पंप के पास एटा रोड पर एक 30 वर्षीय महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। महिला की पहचान शिवली पत्नी सनोज निवासी पुराने थाने के पास सिढ़पुरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला शिवली गणेशपुर गांव में केनरा बैंक के पास मृत पाई गई। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राधेश्याम कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस इस घटना को प्रेम प्रसंग या किसी रंजिश का परिणाम मानकर जांच कर रही है। महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया है और आसपास के लोगों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।










