सोनभद्र/एबीएन न्यूज। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इस दौरान मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने तथा बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कटे हुए फल, गन्ने के जूस, खुली मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा प्रतिबंधित रसायनों एवं हानिकारक पदार्थों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छ वातावरण में बिक्री सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों एवं कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य कारोबारियों में जागरूकता बढ़ाना भी है।
इसी क्रम में ग्राम कचनरवा, थाना कोन क्षेत्र में संचालित दो मीट दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर बिना खाद्य पंजीकरण एवं वैध लाइसेंस के मीट का विक्रय किया जाना पाया गया। इस पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में बिना वैध अनुमति के कारोबार न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान पूरे जनपद में नियमित रूप से निरीक्षण, सैंपलिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।
![]()











