अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। रिहन्द बांध क्षेत्र स्थित डोगिया नाला नाव घाट की वर्ष 2026-27 के लिए शनिवार को विभागीय नियमों के तहत खुली नीलामी शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई। नीलामी में प्रतिस्पर्धी बोली के बाद अशोक कुमार निषाद ने सर्वाधिक 1.22 लाख रुपये की बोली लगाकर नाव घाट का ठेका अपने नाम किया।
सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित रिहन्द बांध सिविल खंड, पिपरी कार्यालय परिसर में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के निर्देश पर आयोजित इस नीलामी का संचालन सहायक अभियंता एवं जिलेदार संजय चौबे की देखरेख में किया गया। नीलामी रिहन्द जलाशय की एफआरएल 880 फीट सीमा के अंतर्गत उत्तर प्रदेश क्षेत्र स्थित डोगिया नाला नाव घाट के संचालन के लिए आयोजित की गई।
नीलामी प्रक्रिया में ओबरा निषाद नाविक एवं मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड के सचिव अशोक कुमार निषाद, राम मनोज जलछत्री मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड सलखन तथा अच्छेलाल किसान मछुआ मत्स्य समिति लिमिटेड, कुशमाहा (म्योरपुर) सहित अन्य पात्र प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धी बोली लगाई गई, जिसमें अशोक कुमार निषाद ने सबसे अधिक 1 लाख 22 हजार रुपये की बोली प्रस्तुत कर डोगिया नाला नाव घाट का वार्षिक ठेका प्राप्त किया। जबकि राम मनोज दूसरे सर्वाधिक बोलीदाता रहे।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरी नीलामी प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराई गई। सभी प्रतिभागियों को समान अवसर प्रदान किया गया तथा नीलामी की प्रत्येक प्रक्रिया विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की गई।
नीलामी के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम में शिव आधार निषाद, शिवनारायण यादव सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नाव घाट का संचालन निर्धारित शर्तों एवं नियमों के अनुरूप कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
![]()












