अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बीना स्टेडियम मोड़ के समीप दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पिछले दो दिनों से सड़क के डिवाइडर के बीच खड़ा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। अत्यधिक व्यस्त इस मार्ग पर क्षतिग्रस्त ट्रक के लंबे समय से खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार दिन के समय भी ट्रक के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, जबकि रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से वाहन चालकों को ट्रक समय पर दिखाई नहीं देता। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के उससे टकराने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रक नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं पुलिस से मांग की है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को तत्काल हटवाकर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित कराया जाए। उनका कहना है कि प्रतिदिन इस मार्ग से हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं और सड़क के बीच खड़ा ट्रक दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहा है।
इधर ट्रक चालक ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस वाहन की चाबी अपने साथ ले गई थी। चालक का कहना है कि यदि चाबी उपलब्ध करा दी जाए तो ट्रक को तत्काल वहां से हटाया जा सकता है।
हालांकि स्थानीय पुलिस ने चालक के इस आरोप को सिरे से खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि वाहन की चाबी लेने जैसी कोई घटना नहीं हुई है और पुलिस द्वारा ऐसा कोई कार्य नहीं किया गया।
वहीं वाहन स्वामी राजेश द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक की चाबी उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके कारण वाहन को हटाने में विलंब हुआ। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर से मिस्त्री ट्रक के स्टार्टिंग सिस्टम का नया असेंबली लेकर आ रहा है। आवश्यक मरम्मत पूरी होने के बाद रविवार सुबह तक ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
फिलहाल सड़क के बीच खड़ा यह क्षतिग्रस्त ट्रक स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
![]()












