सोनभद्र/एबीएन न्यूज। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रविवार को जनपद में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार साफ-सफाई कराई गई तथा ग्रामीणों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम प्रधानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान 63 गांवों में नालियों की सफाई, 117 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 71 हैंडपंपों की मरम्मत तथा 26 हैंडपंपों के चबूतरे का निर्माण एवं मरम्मत कराई गई। इसके अलावा 22 शौचालयों का निर्माण कराया गया तथा नगर पंचायत क्षेत्रों के 45 स्थानों पर नालियों की सफाई कराई गई।
नगरीय क्षेत्रों के पांच वार्डों में फॉगिंग कराई गई। पशुपालकों को स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया, जबकि कृतंक (चूहा) नियंत्रण को लेकर जनपद में 30 जागरूकता बैठकें आयोजित की गईं। प्रशासन ने आमजन से स्वच्छता बनाए रखने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
![]()











