अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पतंजलि योग परिवार सोनभद्र के तत्वावधान में रविवार को नगर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में भव्य सम्मान समारोह एवं योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योगाभ्यास, भक्ति संगीत, प्रेरक उद्बोधन तथा सम्मान समारोह के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी भगवान सिंह तथा पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश (पूर्व) के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी का अंगवस्त्र एवं पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद, दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। योग साधकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। राज्य प्रभारियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं आध्यात्मिक उन्नति भी प्राप्त होती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में दयानंद मौर्य एवं पूनम ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं योगी सूरज चौबे, राकेश साहनी तथा बाल योगी अमृत राज ने कठिन एवं आकर्षक योगासनों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
योग एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाठक को राज्य प्रभारियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले के विभिन्न पदाधिकारियों, योग प्रशिक्षकों एवं योग साधकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए अंगवस्त्र, रुद्राक्ष माला एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रवि प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में तथा जिला संरक्षक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान संगठन के विस्तार, गांव-गांव तक योग पहुंचाने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा स्वामी रामदेव के योग एवं स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच योग ही स्वस्थ समाज की मजबूत आधारशिला बन सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का आग्रह किया।
समारोह में जनपद की विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, योग प्रशिक्षक एवं योग साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रभारी रवि प्रकाश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए योग के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प दोहराया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
![]()











