लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सोमवार को लखनऊ-लखीमपुर रेलखंड का निरीक्षण यान से व्यापक संरक्षा निरीक्षण कर रेल संचालन, यात्री सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे पुलों, समपार फाटकों, स्टेशन यार्ड, सिग्नलिंग प्रणाली तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सिधौली-कमलापुर रेलखंड के मध्य स्थित माइनर ब्रिज संख्या-82 के विस्तृत निरीक्षण से हुई। इसके बाद कमलापुर-खैराबाद रेलखंड के मेजर ब्रिज संख्या-84 तथा एलएचएस संख्या-69 का भी गहन निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को रेलवे पुलों के नियमित अनुरक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खैराबाद स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पैनल बोर्ड, पैनल एवं रिले रूम, स्टेशन वर्किंग रूल, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, स्टेशन यार्ड तथा सिग्नलिंग प्रणाली का निरीक्षण कर संरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के अंतिम चरण में खैराबाद-लखीमपुर रेलखंड के समपार संख्या-105 एवं 113-सी नॉन-इंटरलॉक गेट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गेटमैन से संरक्षा संबंधी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

लखीमपुर स्टेशन पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने पैनल रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, उच्च गुणवत्ता वाली प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय तथा यार्ड में प्वाइंट्स, क्रॉसिंग एवं लॉन्ग वेल्डेड रेल (एलडब्ल्यूआर) का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












