लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने ट्रेनों में फर्जी टिकट, दूसरे के नाम पर आरक्षित टिकट तथा कूटरचित पहचान पत्र के जरिए यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देश पर 27 जून से 5 जुलाई 2026 तक विभिन्न मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 19038, 20104, 15023, 22537 एवं 12566 में टिकटों की गहन जांच की गई। जांच में कुछ यात्री दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी आरक्षित टिकट पर यात्रा करते, गलत टिकट का उपयोग करते तथा फर्जी एवं कूटरचित पहचान पत्र प्रस्तुत करते पाए गए।
रेल प्रशासन ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम-1989 एवं प्रचलित रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान के दौरान शयनयान श्रेणी में कुल 26 अनियमित यात्री पकड़े गए। इनमें 4 यात्री दूसरे के टिकट पर, 20 यात्री फर्जी आधार कार्ड के सहारे तथा 2 यात्री दिव्यांग कोटे का दुरुपयोग करते हुए यात्रा कर रहे थे। कार्रवाई के तहत 9 यात्रियों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया गया, जबकि 17 यात्रियों से जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा तृतीय वातानुकूलित (3एसी) श्रेणी में भी 2 यात्री दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी टिकट पर यात्रा करते पाए गए, जिनसे नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
![]()











