सिंगरौली/एबीएन न्यूज। जिला मुख्यालय बैढ़न की प्रमुख सड़कें इन दिनों बदहाल स्थिति में हैं। अंबेडकर चौक से लेकर इंडस्ट्रियल एरिया गनियारी, बलियारी सहित शहर के कई प्रमुख मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि शहर में पाइपलाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़कें खोद दी गईं, लेकिन अब तक उनका पुनर्निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई। इससे बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिक निगम आयुक्त से शीघ्र हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को सड़क मरम्मत के निर्देश देने की मांग की है, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
![]()












