शक्तिनगर/एबीएन न्यूज। एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) में “बदलते मीडिया परिदृश्य में प्रभावी संचार और जनसंपर्क” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एनटीपीसी लिमिटेड के पूर्व महाप्रबंधक (नैगम संचार) के. एम. प्रशांत ने प्रभावी संचार, मीडिया प्रबंधन और बदलते डिजिटल दौर में जनसंपर्क की भूमिका पर विस्तार से अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि आज के सूचना-प्रधान युग में केवल सूचना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विश्वसनीय, समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील संवाद ही किसी भी संस्थान की पहचान बनाता है। उन्होंने डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया के समन्वय, संकट के समय मीडिया प्रबंधन, कंटेंट निर्माण, संस्थागत ब्रांडिंग तथा जनसंपर्क की नैतिकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. ओम प्रकाश ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रभावी संचार किसी भी संगठन की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में संप्रेषण कौशल का विकास आवश्यक है, ताकि संस्थान की उपलब्धियों और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सके।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण अनुभव-साझाकरण सत्र रहा, जिसमें स्थानीय पत्रकारों ने मीडिया जगत के अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान स्थानीय पत्रकारिता, समाचारों की विश्वसनीयता, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों और मीडिया के बीच बेहतर संवाद जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर के. एम. प्रशांत ने अपने व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर दिया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली और स्थानीय मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं समाजहित के मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग को मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य वक्ता के. एम. प्रशांत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने एनटीपीसी सिंगरौली की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संवाद, विश्वास और पारदर्शिता किसी भी संस्थान की दीर्घकालिक सफलता की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम का समन्वय उप महाप्रबंधक (कर्मचारी विकास केंद्र) राहुल प्रसाद ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि भविष्य में भी संचार, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, डिजिटल मीडिया और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में एनटीपीसी सिंगरौली के अधिकारी एवं स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।
![]()












