Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में अपने संबोधन के दौरान भारतीय सिनेमा की जबरदस्त लोकप्रियता का जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी की आइकॉनिक फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के टाइटल ट्रैक का खास तौर पर उदाहरण दिया. पीएम मोदी के मुंह से अपनी फिल्म की तारीफ सुनकर फिल्ममेकर करण जौहर बेहद गदगद हो गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर खुशी और सम्मान जताते हुए पीएम मोदी का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया.
करण जौहर ने पीएम मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता में अपने भाषण के दौरान करण जौहर की आइकॉनिक फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का खास तौर पर जिक्र किया था. अब इस पर फिल्ममेकर करण जौहर ने पीएम मोदी का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और आभार जताते हुए कहा कि इस गाने को हमेशा-हमेशा के लिए अमर बनाने के लिए प्रधानमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद.
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान इंडोनेशिया में भारतीय सिनेमा की जबरदस्त लोकप्रियता का जिक्र किया था. उन्होंने शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के टाइटल ट्रैक का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां हिंदी फिल्मों और गानों को कितना पसंद किया जाता है.
पीएम मोदी ने की ‘कुछ कुछ होता है’ की तारीफ
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘यहां भारत का गाना ‘कुछ कुछ होता है’ बहुत ज्यादा लोकप्रिय है. आज मैंने इसी गाने का जिक्र करते हुए कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते हैं, तो सिर्फ कुछ कुछ नहीं, बल्कि बहुत कुछ होता है.’ प्रधानमंत्री ने इस मजेदार अंदाज और शब्दों के हेरफेर से दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों और मिलकर काम करने की बड़ी संभावनाओं की तरफ इशारा किया.
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी का आभार जताया.
करण जौहर ने पीएम मोदी का जताया आभार
अपनी फिल्म का इस तरह जिक्र सुनकर करण जौहर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने तुरंत इंस्टा स्टोरी पर पीएम मोदी के भाषण का यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जकार्ता में ‘कुछ कुछ होता है’ के बारे में बात करते देखना मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है. बेशक, प्यार की अपनी एक भाषा होती है जो सरहदों से परे है. हमारे इस गाने को अपनाने और इसे हमेशा के लिए अमर बनाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.’
साल 1998 में रिलीज हुई थी ‘कुछ कुछ होता है’
बताते चलें कि साल 1998 में ‘कुछ कुछ होता है’ फिल्म से करण जौहर ने बतौर डायरेक्टर बॉलीवुड में कदम रखा था. उनरे पिता यश जौहर के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी लीड रोल में नजर आए थे, जबकि सलमान खान और सना सईद ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई थी. बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन रोमांटिक ड्रामा फिल्मों में शुमार ‘कुछ कुछ होता है’ के गाने और डायलॉग्स आज भी हर पीढ़ी और देश-दुनिया के सिनेमा प्रेमियों की जुबान पर चढ़े हुए हैं.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें
![]()









