लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्री सुविधाओं के विस्तार, परिचालन को अधिक सुगम बनाने तथा रेलवे के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से गोण्डा-बुढ़वल रेलखंड के गोण्डा और गोण्डा कचहरी स्टेशनों के बीच नई विद्युतीकृत तीसरी रेल लाइन के कमीशनिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके तहत 9 जुलाई 2026 को नई लाइन का निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल नई 25 केवी एसी सिंगल फेज ओएचई विद्युतीकृत रेल लाइन का निरीक्षण करेंगे तथा स्पीड ट्रायल भी संपन्न कराया जाएगा।
रेल प्रशासन ने गोण्डा-गोण्डा कचहरी रेलखंड के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे लाइन के पास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही अपने मवेशियों को रेलवे ट्रैक के आसपास खुले में न छोड़ें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रेलवे ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कर निरीक्षण एवं कमीशनिंग कार्य को सुरक्षित और सफल बनाने में सहयोग करें।
![]()












