सोनभद्र/एबीएन न्यूज। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू भी किया गया।
जनपद सोनभद्र में इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












