सोनभद्र/एबीएन न्यूज। खरीफ अभियान-2026 के तहत जनपद के किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी का आवंटन किया गया है। जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति के आधार पर 41 सहकारी समितियों को 603.36 मीट्रिक टन यूरिया तथा 36 सहकारी समितियों को 462.00 मीट्रिक टन डीएपी उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार पीसीएफ द्वारा सहकारी समितियों एवं अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उर्वरकों की आपूर्ति लगातार की जा रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक विक्रय केंद्र से ही निर्धारित सरकारी मूल्य पर उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या कृत्रिम अभाव की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके और खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
![]()












