अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का निरीक्षण, नालियों की सफाई तथा उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सफाईकर्मियों, ग्राम पंचायत सहायकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम के उपाय बताए गए। वहीं गांवों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, हैंडपंपों की मरम्मत तथा नगर क्षेत्रों के वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

इसके अलावा पशुपालकों को भी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। कृषक संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बैठकों में ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं संचारी रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
![]()











