दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विकासखंड दुद्धी के ग्राम रजखड़ में बुधवार को प्रकृति संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में नवस्थापित गौशाला का शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं गो-पूजन से हुआ, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने गौ-संरक्षण एवं गौ-पालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धरोहर भी हैं। उन्होंने गौ-सेवा एवं संरक्षण के लिए समाज की सहभागिता को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा, पूर्व प्रधान विंध्याचल प्रसाद, सुरेंद्र सोनी, बीना सोनी, सदानंद सोनी, सुशीला सोनी, नेहा सोनी, तारा सोनी, उप पशु चिकित्सा अधिकारी रुद्रेश यादव तथा पशुधन प्रसार अधिकारी हिमांशु गौड़ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौ-संरक्षण एवं गौ-सेवा के लिए हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
![]()











