सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशानुसार जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य बरसात के मौसम में संचारी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम, स्वच्छ वातावरण का निर्माण तथा आमजन को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत सहित विभिन्न गतिविधियां कराई गईं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुरूप विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम प्रधानों ने घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा साफ पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक किया। लोगों को मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा संचारी रोगों के प्रति जागरूकता रैलियां निकाली गईं। ग्राम पंचायतों में प्रभात फेरियों और जनजागरूकता सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान गांवों में नालियों की सफाई, विभिन्न स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों एवं उनके चबूतरों की मरम्मत तथा शौचालय निर्माण का कार्य भी कराया गया।

नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए नालियों की सफाई और वार्डों में फॉगिंग कराई गई। इसके अलावा पशुपालकों को भी संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया तथा कृतंक नियंत्रण के संबंध में बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
![]()

















