सोनभद्र/एबीएन न्यूज। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुसागर इकाई के तत्वावधान में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रेनुसागर स्थित पैराडाइज प्रेक्षागृह में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह, मानव संसाधन विभाग के हेड आशीष पांडेय, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकुल बृंदा तथा एक्यूप्रेशर एवं सुजोक विशेषज्ञ डॉ. गुलाबराम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर यूनिट हेड आर.पी. सिंह ने कहा कि “स्वस्थ शरीर ही सुखी एवं समृद्ध जीवन की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव और विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक जैसी उपचार पद्धतियां बिना दुष्प्रभाव के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित योग, संतुलित आहार, व्यायाम एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गुलाबराम ने शिविर में उपस्थित लोगों को विभिन्न रोगों के उपचार एवं बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरीर के विशेष बिंदुओं पर दबाव देकर तथा प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर कई प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से राहत प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों को एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा की व्यावहारिक जानकारी भी दी और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए।
शिविर के दौरान कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें विभिन्न रोगों के संबंध में व्यक्तिगत परामर्श दिया गया। विशेषज्ञों ने बिना दवा के स्वस्थ रहने के उपाय, संतुलित भोजन, नियमित योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं जीवनशैली में सुधार के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी साझा की।
हिंडालको रेनुसागर के हेड एचआर आशीष पांडेय ने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि सभी स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ईआर हेड मृदुल भारद्वाज के नेतृत्व में रोहित सक्सेना, राजेश राय, नाऊष त्रिपाठी, आर.के. वर्मा एवं सुशील श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
![]()











