सोनभद्र/एबीएन न्यूज। खरीफ अभियान-2026 के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के अनुमोदन पर जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति के आधार पर जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको केंद्रों को यूरिया और डीएपी उर्वरक का आवंटन स्वीकृत किया गया है। इसके तहत 70 सहकारी समितियों को कुल 1017 मीट्रिक टन यूरिया तथा 73 सहकारी समितियों एवं इफको के 12 केंद्रों को 1155 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार स्वीकृत आवंटन के अनुरूप पीसीएफ द्वारा संबंधित सहकारी समितियों एवं उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उर्वरक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि किसानों को बुवाई के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करें और केवल निर्धारित एवं उचित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को पर्याप्त मात्रा में समयबद्ध ढंग से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई एवं उत्पादन प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग तथा कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को अधिक मूल्य वसूले जाने, उर्वरक की कालाबाजारी या अन्य अनियमितता की शिकायत हो तो वह सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9198788248 एवं 9451637073, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 9452165778 अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 8881173660 पर तत्काल सूचना दें। शिकायत प्राप्त होने पर प्रशासन द्वारा तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]()












