सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार ने तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के अभियान के तहत स्टेडियम के कायाकल्प का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। शासन ने निर्माण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। स्टेडियम के विकसित होने से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

जीर्णोद्धार योजना के अंतर्गत पवेलियन भवन का नवीनीकरण, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग एवं फेंसिंग, बाउंड्री वॉल पर सुरक्षा फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावास एवं दर्शक दीर्घा का रंग-रोगन, बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण, समुचित जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बुधवार को तियरा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यूपीआरएनएसएस के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास भवन में एक समान डिजाइन की खिड़कियां लगाने, सभी कमरों एवं आवश्यक स्थानों पर टाइल्स लगाने, आधुनिक बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस कोर्ट विकसित करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्टेडियम परिसर की उच्च गुणवत्ता के साथ पेंटिंग कराने एवं खिलाड़ियों की सुविधा के लिए परिसर में सीसी सड़क निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों के हितों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












