सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) के आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा व्यापक वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के कम से कम दो वार्डों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक तिरंगा प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाए। साथ ही “हर घर तिरंगा” अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को प्रातः प्रभात फेरी, क्रॉस कंट्री दौड़, सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान, विद्यालयों में वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, खेलकूद प्रतियोगिताएं, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष खेलकूद तथा समसामयिक विषयों पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रभात फेरी, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हों, ताकि स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












