दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी के अधीक्षक डॉ. शाह आलम को अधीक्षक पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ. वरुणा निधि को नया अधीक्षक नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं तेज हैं।
सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, बाहरी दवा एवं जांच के नाम पर मरीजों के आर्थिक शोषण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। हाल के दिनों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।
चर्चा यह भी है कि भारतीय जनता पार्टी के कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद मामले की समीक्षा की गई। इसके बाद शासन स्तर से अधीक्षक पद में परिवर्तन का निर्णय लिया गया।

सूत्रों का कहना है कि शासन की मंशा सरकारी अस्पतालों में पारदर्शी एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। बाहरी दवा, निजी जांच एवं निजी प्रैक्टिस के माध्यम से मरीजों के कथित आर्थिक शोषण जैसी शिकायतों पर सख्ती बरती जाएगी। विशेषकर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के गरीब मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
![]()












