सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विद्यालयों में बच्चों के पोषण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे रसोइयों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की है। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत आयोजित रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग श्री संजीव कुमार गोंड की उपस्थिति में देखा एवं सुना गया।
मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये किए जाने की घोषणा की गई। इसके साथ ही रसोइयों एवं उनके परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। साड़ी अथवा यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाले 500 रुपये के वार्षिक भत्ते को बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का भी प्रावधान किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रसोइये निष्ठा और सेवाभाव के साथ बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मानदेय वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का विस्तार उनके परिश्रम के प्रति सम्मान और सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण के साथ रसोइयों के परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का यह निर्णय उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि पीएम पोषण योजना बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास से सीधे जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन में रसोइयों की भूमिका आधारभूत है और उनका प्रतिदिन का परिश्रम बच्चों के बेहतर पोषण एवं स्वस्थ भविष्य की मजबूत कड़ी है।

उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि, परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा, साड़ी/यूनिफॉर्म भत्ते में बढ़ोतरी तथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता का प्रावधान रसोइयों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जनपद में पीएम पोषण योजना के प्रभावी संचालन के साथ बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री जागृति अवस्थी ने राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, रसोइयों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
![]()











