अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की बीना परियोजना में आयोजित तीन दिवसीय अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से आई 13 टीमों के कुल 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डुप्लीकेट टीम चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए बीना परियोजना ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी।
समापन समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए सभी से खेलकूद को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक बीना श्री प्रदीप कुमार जाना, विभिन्न श्रमिक संगठनों के जेसीसी सदस्य श्री अजय कुमार, श्री श्याम धर दुबे, श्री लाल पुष्पराज सिंह, श्री अशोक कुमार पांडेय, सीएमओएआई के महासचिव श्री सर्वेश सिंह, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
20 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में डुप्लीकेट टीम चैंपियनशिप एवं पेयर्स स्पर्धा के मुकाबले खेले गए। डुप्लीकेट टीम चैंपियनशिप में बीना परियोजना प्रथम, ककरी क्षेत्र द्वितीय तथा दुधीचुआ क्षेत्र तृतीय स्थान पर रहा।
पेयर्स स्पर्धा में कृष्णशिला क्षेत्र के श्री सतीश दीक्षित एवं श्री सुशांत पुष्टि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्यालय के श्री प्रताप सिंह यादव एवं श्री अर्जित भट्टाचार्य द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बीना क्षेत्र के श्री अमित कुमार सिंह एवं श्री विष्णु चरण नाहक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। एनसीएल द्वारा प्रतिवर्ष कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के उद्देश्य से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं टीम भावना को भी मजबूत करती हैं।
![]()


















