सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उप मंत्री स्तर की श्रीमती चारु चौधरी जनपद सोनभद्र का भ्रमण करेंगी। इस दौरान वह महिला एवं बालिका सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी। भ्रमण कार्यक्रम के तहत छात्राओं से संवाद करने के साथ महिलाओं की समस्याएं भी सुनी जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती चारु चौधरी सबसे पहले पूर्वाह्न 10:30 बजे विन्ध्य कन्या डिग्री कॉलेज, पुसौली, राबर्ट्सगंज पहुंचेंगी। वहां वह छात्राओं से शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद करेंगी। इस दौरान छात्राओं की समस्याओं और सुझावों की भी जानकारी ली जाएगी।
इसके उपरांत राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष जिला महिला चिकित्सालय, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
इसके बाद अपराह्न 1 बजे सर्किट हाउस, सोनभद्र में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान जिले की महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकेंगी। श्रीमती चारु चौधरी शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देंगी।
भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में वह सायं 5:15 बजे बालगृह (बालिका), इन्द्रपुरी कॉलोनी, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण करेंगी। यहां बालिकाओं के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के भ्रमण का उद्देश्य महिला एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना तथा उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है।
![]()











