लखनऊ/एबीएन न्यूज। मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल श्री सुनील कुमार वर्मा ने रविवार, 24 अगस्त 2026 को लखनऊ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सर्कुलेटिंग एरिया, यातायात, पार्किंग, जल निकासी एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों एवं उनके परिजनों के सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में खड़े वाहनों की व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को निर्देशित किया कि वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए तथा स्टेशन परिसर में वाहनों के अनावश्यक जमाव को रोका जाए। उन्होंने कहा कि सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात सुचारु बनाए रखना आवश्यक है, ताकि यात्रियों को स्टेशन पहुंचने और वहां से बाहर निकलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर की जल निकासी एवं साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। यात्रियों से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान स्टेशन निदेशक श्री गौरव दीक्षित सहित लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()


















